नई दिल्ली: लोकसभा में जेडीयू के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। जेडीयू के नेता दिलीश्वर कामत ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए बांका से सांसद गिरधारी यादव को अयोग्य घोषित करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस सौंप दिया है। सूत्रों के मुताबिक, दिलीश्वर कामत ने अपने नोटिस में आरोप लगाया है कि गिरधारी यादव ने कई मौकों पर पार्टी की आधिकारिक लाइन के खिलाफ जाकर बयान दिए और गतिविधियों में शामिल रहे, जो पार्टी अनुशासन के खिलाफ है। इसे दल-बदल कानून के तहत गंभीर मामला माना जा रहा है। अब इस मामले में अंतिम फैसला लोकसभा अध्यक्ष द्वारा लिया जाएगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो गिरधारी यादव की संसद सदस्यता पर खतरा मंडरा सकता है। इस घटनाक्रम के बाद जेडीयू के अंदर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और बयानबाजी देखने को मिल सकती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला पार्टी की एकजुटता और भविष्य की रणनीति पर भी असर डाल सकता है।