जानकारी के अनुसार, यह हादसा रानीबाग में नारी निकेतन के पास उस समय हुआ जब रामपुर के रहने वाले यासीन अपने एक साथी के साथ बाइक से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड शासन की बताई जा रही एक तेज़ रफ्तार गाड़ी ने बस को गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक के दौरान गाड़ी सीधे सामने से आ रही यासीन की बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यासीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। हादसे के बाद अस्पताल के बाहर दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला। यासीन की पत्नी रो-रोकर बदहवास थी और बार-बार यही सवाल कर रही थी कि अब उनके छोटे-छोटे बच्चों की परवरिश कौन करेगा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।