रामपुर न्यूज़
आस-पास Mohd Zeeshan Raza Khan • 2026-07-01T18:10:51.212Z

50 हजार का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ कालू ढेर, जवाबी फायरिंग में दरोगा और सिपाही घायल

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी जितेंद्र उर्फ कालू गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हुए हैं। दोनों पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान संभल निवासी जितेंद्र उर्फ कालू के रूप में हुई है। वह इस्लामनगर थाना क्षेत्र में 19 मई को हुई डकैती की घटना में वांछित था। आरोपी पर आईजी बरेली रेंज की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ बदायूं, अमरोहा, नोएडा समेत कई जिलों में डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और कुछ आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।