रामपुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने ईद के मौके पर अपने समर्थकों और मुस्लिम समुदाय से खास अपील की है। सपा नेता युसुफ मलिक के मुताबिक, आजम खान ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वहां हुई घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि इस बार ईद के दिन लोग विरोध स्वरूप काले कपड़े पहनकर और बाजू पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा करें। आजम खान ने अपने संदेश में यह भी कहा कि लोग इस बार ईद पर नए कपड़े न पहनें और त्योहार को सादगी के साथ मनाएं। उनका कहना है कि यह कदम ईरान में हुई घटनाओं के प्रति एकजुटता और विरोध जताने का प्रतीक होगा। बताया जा रहा है कि रामपुर में उनके समर्थकों के बीच यह संदेश तेजी से फैलाया जा रहा है और कई लोग इस अपील का समर्थन भी कर रहे हैं। हालांकि इस मुद्दे पर स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।