उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर स्थित दीना मार्केट में शनिवार तड़के करीब तीन बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में एक दुकानदार की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। एक दुकान में उठी चिंगारी ने कुछ ही मिनटों में पास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीनों दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। बताया जा रहा है कि ये तीनों दुकानें आपस में सगे भाइयों की थीं। आग लगने के दौरान अंदर मौजूद दुकानदार रामकृष्ण को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें बचाया नहीं जा सका। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद जब उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे में मृतक की पत्नी, बेटी, भाभी, भतीजी और भतीजा भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में करीब पांच घंटे का समय लग गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।