समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीम फातिमा सोमवार को रामपुर जिला कारागार पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने बेटे अब्दुल्लाह आजम से मुलाकात की। अब्दुल्लाह आजम दो पैन कार्ड मामले में सजा काट रहे हैं। इस दौरान सपा के जिलाध्यक्ष अजय सागर भी उनके साथ मौजूद रहे। करीब 25 मिनट तक चली इस मुलाकात के बाद तंजीम फातिमा का बदला हुआ अंदाज चर्चा का विषय बन गया। आमतौर पर जेल में आजम खान या अब्दुल्लाह आजम से मुलाकात के बाद तंजीम फातिमा मीडिया से बातचीत करती थीं और प्रशासन व सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया देती थीं। वह अक्सर आजम खान के स्वास्थ्य और जेल व्यवस्था को लेकर सवाल उठाती नजर आती थीं। लेकिन इस बार तस्वीर पूरी तरह बदली हुई दिखाई दी। जेल से बाहर निकलते ही मीडियाकर्मियों ने उनसे सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। तंजीम फातिमा सीधे अपनी गाड़ी में बैठीं और बिना किसी प्रतिक्रिया के रवाना हो गईं। सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने भी मीडिया से दूरी बनाए रखी। तंजीम फातिमा की इस चुप्पी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अब्दुल्लाह आजम की सजा बरकरार रहने और आजम खान की सजा में तीन साल की बढ़ोतरी व पांच लाख रुपये के अर्थदंड के फैसले के बाद परिवार ने सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की रणनीति अपनाई है। गौरतलब है कि दो पैन कार्ड मामले में विशेष अदालत ने 23 मई 2026 को आजम खान की सजा बढ़ाने का फैसला सुनाया था। इसके बाद से आजम खान परिवार लगातार कानूनी और राजनीतिक दबाव का सामना कर रहा है।