2027 के पहले चरण को लेकर रामपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) का कार्य प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पहले नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration - SE) का अवसर दिया गया है, जो 7 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने बताया कि स्व-गणना जनगणना प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, जिसके तहत नागरिक खुद ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा लोगों को सरल और पारदर्शी तरीके से डेटा भरने का अवसर देती है, जिससे आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होती है। स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in� पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा हिंदी, अंग्रेजी समेत 14 भाषाओं में उपलब्ध है। पूरी प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगता है। सफल पंजीकरण के बाद एक 11 अंकों की यूनिक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) जनरेट होती है, जिसे भविष्य में सत्यापन के लिए सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। जनगणना विभाग के अनुसार, जब गणनाकर्मी घर-घर सर्वे के लिए पहुंचेंगे, तब नागरिकों को अपनी SE ID दिखानी होगी। इससे यह पुष्टि होगी कि परिवार पहले ही अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर चुका है। जनपद में जागरूकता बढ़ाने के लिए 7 से 21 मई के बीच विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 9 मई 2026 (शनिवार) को “मीडिया दिवस” के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें आमजन से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।