रामपुर न्यूज़
उत्तर प्रदेश Mohd Zeeshan Raza Khan • 2026-03-12T20:09:20.911Z

एलपीजी की कमी की अफवाहों से बचें, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और वितरण व्यवस्था पारदर्शी तथा सुचारु बनी रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई वितरक एजेंसी या निजी व्यक्ति एलपीजी की कालाबाजारी या जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि एलपीजी वितरक केंद्रों पर आवश्यकता पड़ने पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ की स्थिति पैदा न हो। मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिया कि एक कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रदेश के सभी जिलों में एलपीजी की उपलब्धता की सतत निगरानी की जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी और ऑयल कंपनियों के स्थानीय प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि प्रदेश में एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे।