आगरा पुलिस ने शनिवार देर रात अवैध शराब तस्करी की बड़ी खेप पकड़ ली। तस्कर बेहद शातिर तरीके से ट्रक की बॉडी के भीतर शराब छिपाकर ले जा रहे थे ताकि चेकिंग के दौरान किसी को शक न हो। डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे के रास्ते अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एत्मादपुर थाना क्षेत्र के छलेसर इलाके में शनिवार रात करीब 2:30 बजे ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक की बॉडी में जनरेटर का एक बॉक्स फिट किया गया था, जिसे ऊपर से तिरपाल से ढका गया था। जब पुलिस ने बॉक्स को खुलवाकर देखा तो उसके अंदर से 606 पेटियां शराब बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 से 62 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और तस्करी में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।