उत्तर प्रदेश के बरेली में बिहार निवासी मौलाना तौसीफ रजा मजहरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव बरेली रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर मौलाना तौसीफ रजा मजहरी ट्रेन में कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की बात कह रहे हैं। हालांकि, इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए रेलवे प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। रेलवे पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, जिसमें वायरल ऑडियो की भी जांच शामिल है।