पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान एसओजी प्रभारी के हाथ में गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग जिलों में करीब 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मामला कोतवाली क्षेत्र के मटियामऊ गांव का है, जहां निवासी हाजी अकील खान का 7 वर्षीय बेटा 1 मई की शाम गांव में लगे उर्स मेले में गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान हुई और उसकी तलाश तेज कर दी गई। बाद में पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी और शव को खेत में दबा दिया था। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।