सेफनी थाना क्षेत्र के ग्राम रवाना के जंगलों में गौकशी की घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामपुर ने सेफनी थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, गौकशी करने वाले आरोपी घटनास्थल पर ही पशु के अवशेष छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गौकशी की घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।