रामपुर न्यूज़
उत्तर प्रदेश Mohd Zeeshan Raza Khan • 2026-04-27T18:48:06.330Z

बारात के दौरान बवाल, पुलिसकर्मियों से मारपीट का वीडियो वायरल

मदनापुर थाना क्षेत्र के हैदरपुर गांव में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब बग्गी के पैसे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, हैदरपुर निवासी राजेंद्र बग्गी चलाने का काम करते हैं। रविवार रात वह अपनी बग्गी लेकर अमरपाल सिंह के घर आयोजित शादी समारोह में पहुंचे थे। इसी दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच भुगतान को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर राजेंद्र ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात काबू करने के बजाय पुलिसकर्मियों के साथ ही मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ लोगों ने दो सिपाहियों के साथ हाथापाई की, उनकी वर्दी फाड़ दी और नेम प्लेट तक नोच ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता साफ देखी जा सकती है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।