सीतापुर जिले के महोली कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां रहने वाली रीमा, जो तीन बच्चों की मां थी, उसका शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। बताया जा रहा है कि रीमा पिछले कई सालों से अपने मायके में रह रही थी। सोमवार की शाम रीमा घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद मंगलवार दोपहर उसका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी बीच मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया जब उसी दिन एक युवक, जिसे रीमा का कथित प्रेमी बताया जा रहा है, उसका शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। दोनों मौतों के बीच कनेक्शन होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।