उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार रात करीब आठ बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक चार पहिया वाहन में भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया।
मिर्जापुर जिले में बुधवार रात करीब आठ बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक चार पहिया वाहन में भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि कई लोग जिंदा जल गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक बोलेरो वाहन घाटी से नीचे उतर रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया और उसने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी से भरे ट्रक से जा भिड़ी।
इस भीषण टक्कर के चलते बोलेरो दोनों ट्रकों के बीच बुरी तरह फंस गई। देखते ही देखते वाहन में आग लग गई और उसमें सवार यात्री आग की लपटों में घिर गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और राहत कार्य की कोशिश की, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भेजा जा रहा है।
प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि अभी नहीं की गई है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
