रामपुर-अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने 500 कोडीन सिरप की बोतलें बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार-मंगलवार की रात बिलारी-सैफनी रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने 500 कोडीन सिरप की बोतलें बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार-मंगलवार की रात बिलारी-सैफनी रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के मुताबिक औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार और थाना सैफनी पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना वैध दस्तावेजों के नशीली दवाओं की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और रणनीति बनाकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान मुरादाबाद जनपद के बिलारी निवासी फहीम और जुबेर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से पांच पेटियों में रखी 500 कोडीन सिरप की बोतलें बरामद हुईं। हालांकि कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बरामद दवाओं को जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट-1940 के तहत भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और औषधि विभाग इस मामले को सिर्फ बरामदगी तक सीमित नहीं मान रहे हैं। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इसके पीछे एक संगठित सप्लाई नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे रैकेट का खुलासा होने की संभावना है।
