मऊ/गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बसारथपुर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बसारथपुर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी, जिसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 2:30 बजे जैसे ही गाड़ी बसारथपुर स्थित शारदा सहायक नहर कॉलोनी के पास पहुंची, चालक को झपकी आ गई। इसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर दूसरी लेन में जाकर खड़े ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सभी सवार अंदर ही फंस गए।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग गोरखपुर के खोराबाद थाना क्षेत्र के रानीडीह गांव के निवासी थे। मृतकों में
60 वर्षीय विनय श्रीवास्तव
58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव
27 वर्षीय कृतार्थ श्रीवास्तव
शामिल हैं। इसके अलावा दो चालक भी हादसे का शिकार हुए, जिनकी पहचान गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय रविंद्र यादव और 28 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विनय श्रीवास्तव अपने बेटे कृतार्थ की शादी रांची में मंशा नाम की युवती से कराकर परिवार के साथ घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी घोसी और थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को काटकर सुबह करीब पांच बजे सभी शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
