उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि प्रदेश में तेल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़ देखने को मिल रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि पूरे प्रदेश में तेल और गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर नजर रखें। अगर कहीं कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश की जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि आम जनता को किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। सरकार पूरी तरह सतर्क है और तेल-गैस की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी जिले में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
