रामपुर-केमरी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।
रामपुर जनपद के केमरी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को बच्चे के पिता की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 17 अप्रैल को बच्चे का शव जंगल में मिलने पर मामले में दुष्कर्म और हत्या की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।
विवेचना के दौरान ग्राम खेमपुर निवासी आरोपी रेहान का नाम सामने आया। पुलिस को 2 मई की रात सूचना मिली कि आरोपी सुंदरलाल लोधी इंटर कॉलेज के पास खेत में बनी झोपड़ी में छिपा हुआ है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब आरोपी को घेरने की कोशिश की तो उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
