रामपुर के मिलक में बाइक सवार दो भाइयों को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल है। परिजनों ने पुलिस पर पीछा करने का आरोप लगाया।
रामपुर के मिलक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा बाइक चेकिंग के दौरान पीछा किए जाने के कारण यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, हादसा मिलक क्षेत्र के क्योरार बाईपास पर दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय सर्वेश अपने भाई अरविंद के साथ बाइक से गोरा हेमराजपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में पिकअप चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेजा गया, जहां दोनों घायलों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मिलक कोतवाली पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की मां और भाई ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाइक चेकिंग के दौरान पुलिस ने जबरन बाइक रोकने का प्रयास किया था। आरोप है कि पुलिसकर्मी दोनों भाइयों का पीछा कर रहे थे, जिसके कारण बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गई।
परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस पीछा नहीं करती तो यह हादसा नहीं होता। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने करीब एक घंटे तक कोतवाली परिसर में हंगामा किया। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद मामला कुछ शांत हुआ।
पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव परिजनों को सौंपा गया तो परिजन शव को लेकर दोबारा कोतवाली पहुंच गए और गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ राजवीर सिंह परिहार ने स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस शव को मृतक के घर भिजवाने में सफल रही।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। वहीं, मृतक सर्वेश के शव का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह किए जाने की जानकारी दी गई है।
